Chaibasa Murder Case, Mukesh Barjo Murder, Fantus Laguri Arrested, Jagannathpur Police, West Singhbhum News, Chaibasa News, Jharkhand Crime News | झारखंड
झारखंड

चाईबासा में युवक की हत्या का खुलासा, पुलिस ने मुख्य आरोपी फंटूस लागुरी को किया गिरफ्तार

चाईबासा के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक मुकेश बारजो की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी फंटूस लागुरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले जान से मारने की धमकी दी थी।

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक मुकेश बारजो की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल उद्वेदन करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी फंटूस लागुरी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 15 जून को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के काटेपाड़ा जंगल स्थित एक नाले के पास ग्रामीण मुंडा की सूचना पर पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया था। बाद में शव की पहचान छोटा महुलडिहा गांव निवासी 20 वर्षीय मुकेश बारजो के रूप में हुई।

पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद मृतक की पत्नी बुधनी बारजो की शिकायत पर 16 जून को जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव के ही रहने वाले फंटूस लागुरी के साथ मुकेश बारजो का कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने मुकेश को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर एसडीपीओ रफाएल मुर्मु के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मामले के खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी गई।

तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और मंगलवार को 35 वर्षीय फंटूस लागुरी को गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ ने दी मामले की जानकारी

पत्रकारों से बातचीत करते हुए चाईबासा एसडीपीओ बहामन टुटी ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

छापेमारी दल में शामिल थे ये अधिकारी

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष टीम में नोवामुंडी इंस्पेक्टर बासुदेव मुंडा, जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक विश्वनाथ हेम्ब्रम, सहायक अवर निरीक्षक मनमथ प्रधान, तकनीकी शाखा के अभय कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस कर रही आगे की जांच

पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।

फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

You can share this post!

Comments

Leave Comments