Saharsa, Bihar News, Simri Bakhtiyarpur, Wedding News, Nikah, Viral News, Mutton Dispute, Chicken, Crime News, Wedding Fight, सहरसा, बिहार समाचार, सिमरी बख्तियारपुर, निकाह, शादी समारोह, खस्सी विवाद, चिकन, मारपीट, वायरल खबर, बिहार न्यूज | बिहार
बिहार

दावत में खस्सी की जगह मुर्गा परोसना पड़ा भारी! शादी में मच गया हंगामा, बाराती और शराती में जमकर मारपीट

बिहार के सहरसा में निकाह के भोज के दौरान खस्सी की जगह चिकन परोसने को लेकर बाराती और शराती के बीच मारपीट हो गई। घटना में कई लोग घायल हुए हैं।

सहरसा: बिहार के सहरसा जिले से शादी समारोह के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां निकाह के बाद आयोजित भोज में 'खस्सी' (मटन) की जगह 'मुर्गा' (चिकन) परोसे जाने को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि खुशियों का माहौल देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। बाराती और शराती आमने-सामने आ गए, जिसमें दूल्हा पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में चल रहा है।

शांतिपूर्ण तरीके से हुआ निकाह, भोजन के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, सिमरी बख्तियारपुर के वार्ड संख्या-12 बलवापार निवासी मो. अनवर के पुत्र मो. अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मो. जाविद उर्फ मोटो की पुत्री के साथ तय हुआ था। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे निकाह की रस्में शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुईं।

निकाह के बाद जब मेहमानों को भोजन परोसा जाने लगा, तभी विवाद की शुरुआत हुई। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि शादी में खस्सी (मटन) परोसने की बात कही गई थी, लेकिन खाने में मुर्गा (चिकन) परोसा गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते चले लाठी-डंडे

खाने के मेन्यू को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और लाठी-डंडे चले। इस मारपीट में दूल्हा पक्ष के कई लोग घायल हो गए।

घायलों में मो. आशिक, मो. इरफान, मो. हसन, मो. अब्बास, मो. जब्बार, मो. आतिफ और मो. महबूब सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी बलवापार वार्ड संख्या-12 के निवासी बताए गए हैं।

दूल्हे के चाचा ने लगाया हमला करने का आरोप

घायल मो. इरफान, जो दूल्हे के चाचा हैं, ने आरोप लगाया कि भोजन को लेकर विवाद होने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इस हमले में उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस तक पहुंचेगा मामला

घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। दूल्हा पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज होने की पुष्टि नहीं हो सकी थी।

You can share this post!

Comments

Leave Comments